मुंडन संस्कार को रामरेखा घाट पर उमड़े हजारों श्रद्धालु – Buxar News

मुंडन संस्कार को रामरेखा घाट पर उमड़े हजारों श्रद्धालु – Buxar News



.

शुक्रवार को बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए शहर के रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं का तांता अहले सुबह से ही लग गया। शुभ मुहूर्त के कारण भीड़ इतनी बढ़ी कि रामरेखा घाट मुख्य द्वार से गंगा घाट को जानेवाली रास्ते में काफी भीड़ हो गई थी। सड़क से लेकर रामरेखा घाट तक पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। ऐसे में घाट तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को परेशानी हुई।

मुंडन संस्कार को लेकर जिले के अलावे पड़ोसी जिला भोजपुर, रोहतास, कैमूर एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती गाजीपुर जिले से भी लोग पहुंचे थे। यहां पहुंचने के तुरंत बाद श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाये तथा बच्चों का मुंडन कराकर उन्हें भी स्नान कराया। माताओं ने बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की।

बता दें कि पंडितों व नाइयों के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा था। रामरेखा घाट के पंडों ने बताया कि संतान की सलामती के लिए मुंडन संस्कार कराने का रिवाज है। इस संस्कार की रस्म अदायगी से बच्चों का जीवन सुखी होता है। सोलह संस्कारों में मुंडन संस्कार का काफी महत्व होता है। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी विद्याधर मिश्र ने बताया कि मुंडन संस्कार हिंदू धर्म में एक महत्वपूर्ण संस्कार है। मुंडन संस्कार के माध्यम से माता-पिता अपने बच्चे के लिए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।

जाम से श्रद्धालुओं और राहगीरों को हुई परेशानी मुंडन संस्कार को ले शहर में काफी भीड़ रही। वहीं अतिरिक्त वाहनों का दबाव बढ़ने के चलते शहर के स्टेशन रोड में हर थोड़ी देर पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही थी। हालांकि दिन के ग्यारह बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई।



Source

Leave a Reply