घटना के बारे में परिजनों से पूछताछ करती पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मोतिहारी में एक बुजुर्ग किसान की अज्ञात बदमाशों ने लकड़ी की तख्ती से पीट-पीट कर मार डाला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी मधुबन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना शनिवार की सुबह मधुबन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर पंचायत के वार्ड 11 दुबहा गांव में हुई।
जानकारी के मुताबिक, 65 साल का बुजुर्ग किसान कृष्ण नंदन सिंह मधुबन थाना क्षेत्र के दुबहा गांव का निवासी था। वह अपने घर से कुछ दूर बथान पर पिछले दस साल से सोया करता था। रोज की तरह वह बीती रात करीब आठ बजे घर से खाना खा कर बथान पर सोने साइकिल से चला गया।
शनिवार की सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो देखा की मिथिलेश सिंह के इकरी के खेत में कृष्ण नंदन सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ है। फिर इसकी सूचना परिजनों को दी गई। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी मधुबन पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे मधुबन थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी अस्पताल भेज दिया।
‘हम लोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी’
मृतक कृष्ण नंदन सिंह की पत्नी राजकुमारी देवी ने बताया कि पिछले 10 साल से मेरे पति घर से 200 मीटर की दूरी पर बथान पर ही रहते थे। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे घर से खाना खाकर वापस चले गए। सुबह ग्रामीणों से पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई है। हम लोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर किसने हत्या की है। यह समझ नहीं आ रहा है। घर पर बुजुर्ग किसान, उसकी तीन बहू और पत्नी ही रहती थी।
‘जल्द ही हत्या कांड का खुलासा कर लेंगे’
हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पकड़ीदयाल सुनील कुमार सिंह, मधुबन सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने घटना स्थल की जांच की। वहां उन्हें लकड़ी की एक तख्ती मिली जिसमें खून लगा हुआ था। एसडीपीओ ने कहा कि कुछ सुराग हाथ लगा है। उसके आधार पर जल्द ही हत्या कांड का खुलासा कर लिया जाएगा।